लोक असर समाचार बालोद
सल्हाईटोला (डौंडी) रेलवे हॉल्ट पर लोकल टिकटों की बिक्री का काम निजी हाथों में सौंपने के बाद यात्रियों को सुविधा मिल रही है। लोगों को अब टिकट खरीदने के लिए गुदुम या दल्लीराजहरा जाना नहीं पड़ रहा है। हाल्ट में अब प्राइवेट कर्मचारी कमीशन के आधार पर रेलवे के जनरल टिकटों की बिक्री कर रहे हैं। आम लोगों को सुविधा देन का निर्णय रेलवे प्रशासन ने लिया हैं। उसका लाभ रेल यात्रियों को मिल रहा है। पहले भानुप्रतापपुर तक रेल सेवा का विस्तार होने के बाद यहां टिकट बिक्री किया जाता था। लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था। जिसके चलते यहां से सफर करने वाले यात्रियों को टिकट के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था।

टिकट खरीदने के लिए 5 किमी गुदुम या 12 किमी दल्लीराजहरा स्टेशन जाना पड़ता था। इस परेशानी के चलते कई लोग बिना टिकट के मजबूरी में सफर करते थे। लेकिन पकड़े जाने पर पांच गुणा फाइन भरना पड़ता था। वहीं कई लोगों के बिना टिकट सफर करने से रेलवे को भी नुकसान होता था। अब यहां सुविधा शुरू होने से लोग टिकट लेकर ही सफर कर रहें है।
बताया गया कि डौंडी से प्रतिदिन 50 से अधिक लोग रेल में सफर करते हैं। अधिकांश लोग बालोद, गुंडरदेही, दुर्ग और रायपुर जाते हैं। इसी तरह डौंडी से भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, ताड़ोकी भी रेल से जाते है। डौंडी में टिकट बिक्री शुरू होने से डौंडी सहित आसपास के गांव 10 के लोगों को लाभ हो रहा है।

डौंडी से रायपुर तक का किराया 35 रुपए तय रेल टिकट प्रबंधक भीषण चंद्राकर ने बताया कि ट्रेन आने के आधा घंटा पहले काउंटर खुलता है और टिकट की बिक्री होती है। डौंडी से रायपुर का किराया 35 रुपए है। बस से जाने पर 100 रुपए से अधिक खर्च करना पड़ता है। वहीं दुर्ग 25 रुपए, बालोद का 10 और गुंडरदेही जाने के 20 रुपए का किराया देना पड़ता है।
सल्हाईटोला (डौंडी) में सुबह 5:30 बजे, 11:30 बजे ताड़ोकी से रायपुर के लिए ट्रेन सुविधा हैं। दोपहर 2:30 बजे दुर्ग तक ट्रेन चलती है।
